Sunday, September 25, 2016

सिंधु जल संधि

उरी हमले के बाद देश में उपजे आक्रोश के बीच एक और मुद्दा जो उभर कर सामने आया वो है "सिंधु जल संधि"। पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने के साथ ही यह बात भी सामने आयी की भारत को पाकिस्तान के साथ सारी संधियां तोड़ देनी चाहिए। इनमे सबसे प्रमुख है सिंधु जल संधि।
जल ही जीवन है।जल के बिना किसी भी देश में खुशहाली असंभव है। इसीलिए जब 1947 में दोनों देशों के बीच बंटवारा हुआ तभी यह झगड़ा उत्पन्न हो गया था कि दोनों देशों के बीच के जल संसाधनों पर किस देश का कितना अधिकार होगा।
1947 में ही इस पर एक समझौता हुआ जो 31 मार्च 1948 तक लागु रहा। पाकिस्तान तभी से ही कश्मीर पर अपना अधिकार जमाता रहा है तो कश्मीर मुद्दे को लेकर पाकिस्तान पर दबाव बनाने के लिए अप्रैल 48 में भारत ने अपनी दो नदियों का जल रोक दिया। जिससे पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की 17 लाख एकड़ भूमि पर हालात खराब हो गए ,और वहाँ हाहाकार मच गया।
इसके बाद दशकों तक इस मुद्दे पर बैठके होती रही और आख़िरकार 19 सितंबर 1960 को तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और पाकिस्तानी राष्ट्रपति अयूब खान के बीच सिंधु जल संधि पर हस्ताक्षर हुए। यह संधि पूर्ण रूप से आपसी सहयोग और सदभावना पर आधारित थी।यह विश्व की एकमात्र उदार जलसंधि है जिसके तहत नदी के ऊपरी धारा वाला देश निचली धारा वाले देश के लिए अपने हितों की अनदेखी करता है।
अब पाकिस्तान की सदभावना देखिये कि इस संधि के 5 वर्ष बाद 1965 में उसने हमारे खिलाफ युद्ध छेड़ दिया।संधि तो तभी रद्द हो जानी चाहिए थी क्योंकि किसी देश के संसाधन पर दूसरे देश का अधिकार तभी तक होता है जब तक लाभार्थी देश का रवैया दोस्ताना हो। और पाकिस्तान ने तो फिर दोबारा 1971 और फिर 1998 में हमसे युद्ध किया।और दशकों से चली आ रही आंतकी घुसपैठ और हमले वो कर ही रहा है।इससे पाकिस्तान की सदभावना स्पष्ट नज़र आती है।
इस संधि के अनुसार 80 प्रतिशत जल का उपयोग पाकिस्तान कर रहा है और 20 प्रतिशत का भारत।बावजूद इसके पाकिस्तान अंतराष्ट्रीय मंचो पर पर्याप्त पानी ना मिलने का रोना रोता रहता है।
अब यदि इस संधि को रद्द कर दिया जाए तो और उसको मिलने वाले जल की आपूर्ति रोक दी जाए तो पाकिस्तान में हाहाकार मच जाएगा। पाकिस्तान की अधिकतर सिंचाई और खेती वर्षा पर आधारित ना होकर नदियों के पानी पर निर्भर है।दूसरे पाकिस्तान के अधिकांश पावर प्रोजेक्ट्स इससे प्रभावित होंगे और इससे इस्लामाबाद में बैठे पाकिस्तानी हुक्मरानों की बत्ती भी गुल होगी।
लेकिन यह काम इतना आसान नही है। भारत को इसके लिए कई डैम और नयी नहरे निकालनी पड़ेगी। जिसके लिए समय चाहिए। लेकिन इससे आने वाले समय में हमें फायदा होगा। हमारे सूखे से जूझते हुए क्षेत्रों और पावर प्रोजेक्ट्स के लिए हमें पर्याप्त जल उपलब्ध होगा।
सरकार को कूटनीति तरीके से इस संधि पर पुनर्विचार करना चाहिए। जिससे पाकिस्तान को दबाव में लिया जाए और भारत को इसके दूरगामी सुखद परिणाम मिलें।

Wednesday, September 21, 2016

कश्मीर के उरी में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया है। 18 जवान इसमें शहीद हो गए और कई घायल हैं। शहीद जवानों के परिवार इस घटना से गमज़दा हैं तो वही पुरे देश में आतंकवादियों और उन्हें संरक्षण और पोषण देने वाले पाकिस्तान के प्रति गुस्सा है।अब देखना यह है कि राज्य सरकार और केंद्र सरकार इस घटना पर क्या प्रतिक्रिया करेगी,जिससे जवानों की शहादत बेकार न जाए और देशवासियों का आक्रोश और गुस्सा शांत हो सके।
इस मुद्दे पर देश के लोगों की क्या प्रतिक्रिया है और वो सरकार से क्या अपेक्षा रखते हैं, यह जानने की हमने कोशिश की।
हरिद्वार के युवा तीर्थपुरोहित उज्ज्वल पंडित बड़े आक्रोश के साथ पाकिस्तान को करारा जवाब देना चाहते हैं।उनका कहना है कि केंद्र सरकार को अब दोस्ती की बातें छोडकर पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब देना चाहिए। वो कहते हैं कि हमें पाकिस्तान के साथ व्यापार और संधियां तोड़ देने चाहिए और साथ ही घाटी में बैठे हुए अलगाववादियों और कश्मीर में जो लोग सेना पर पत्थरबाज़ी कर रहे हैं उन्हें AK 47 से उड़ा देना चाहिए।
व्यापारी मुकेश अरोड़ा कहतें है कि ईंट का जवाब पत्थर से देना चाहिए। अब न कोई बात हो ना कोई जाँच हो। सीधा युद्ध होना चाहिए पाकिस्तान से। वो हमले किये जाता है हमारे जवान शहीद होते जाते हैं और हम जाँच और सबूत ढूंढते रहते हैं।
डॉ अभिषेक शिवपुरी का कहना है कि जो पाकिस्तान कश्मीर में कर रहा है क्या वही हम बलूचिस्तान में नही कर सकते। आज जबकि बलूच लोग हमसे सहायता और समर्थन मांग रहे हैं तो हमें वहां हस्तक्षेप करना चाहिए। पाकिस्तान के लिए यह एक करारा तमाचा होगा। वह कश्मीर को भूलकर बलूचिस्तान पर ध्यान देगा और घाटी में सेना को खुली छुट दी जानी चाहिए कि जो पाकिस्तान की बात करेगा वह धरती पर नही 72 हूरों के पास भेजा जाएगा।
युवा सचिन, योगेश, अनमोल आदि एक सुर में पाकिस्तान को नेस्तनाबूद करने के पक्ष में हैं। वो कहते हैं कि अब क्या दिक्कत है, हम हर तरह से पाकिस्तान से मजबूत हैं। अब पाकिस्तान को उसकी औकात दिखाने का वक्त है। शहीदों को यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी और उनके परिवारों के जख्मों पर  यही मरहम होगा।
विवाहघर संचालक कुणाल गौतम कहते हैं शहीद सैनिक के परिवार को कुछ भी रकम मुआवजे के नाम से देना उसकी शहादत का अपमान करना है।सरकार को उसके परिवार और बच्चों की पूरी जिम्मेदारी लेनी चाहिए।किसी का बेटा, किसी का पति और बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाना, कोई भी मुआवज़ा इसकी पूर्ति नही कर सकता। इसकी पूर्ति सिर्फ पाकिस्तान को उसकी भाषा में जवाब देकर ही हो सकती है और शहीदों के परिवार भी यही चाहते हैं।
करीब करीब पूरा देश यही चाहता है पाकिस्तान अब बस बहुत हुआ तेरा नापाक खेल, अब ये नही चलेगा।देखना यह है कि सरकार इस पर कितनी जल्दी और क्या निर्णय लेती है।
पहले भी आतंकवादी हमले हुए हैं हर बार जाँच हुई ,उच्च स्तरीय बैठकें हुई, बयानबाज़ी हुई लेकिन देशवासियों को उनकी भावना के अनुरूप जवाब नही मिला। शहीद हुए जवानों के परिवार अपने लाल को खोकर भी इंसाफ के इंतज़ार में हैं।
यहाँ एक बात और जो लोगों से बातचीत के बाद सामने आयी वो ये की शहीदों के परिवारों ने अपना सदस्य खो दिया, उसके बदले उन्हें मिला क्या। सरकारें ओलंपिक में दूसरे तीसरे नंबर पर आने वाले खिलाडी को तो करोड़ों रूपये बांटती हैं और होड़ लगती है कि कौन कितने ज्यादा देगा। लेकिन सीमा पर शहीद होने वाले जवान के परिवार को सिर्फ कुछ लाख का मुआवजा और वो भी ना जाने कितने सरकारी दफ्तरों में तलवे घिस घिस के मिलेगा। सरकार को इस विषय पर भी गंभीरता से विचार करना चाहिए।